पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश
कमलेश भारद्वाज
सोलन । जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गहन जांच के बाद पुलिस टीम ने दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में छापेमारी कर एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और डिजिटल तराजू बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल को थाना सदर, सोलन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर 9.93 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। शुरुआती जांच में ही इस मामले के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले थे। इसी आधार पर पुलिस ने ‘बैकवर्ड लिंक’ खंगालते हुए विशेष टीम को दिल्ली भेजा, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से द्वारका में दबिश देकर आरोपी यूजीन चिनवेउबा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत भी मामला दर्ज किया है। कार्यकारी पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक सेकर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह ऑपरेशन नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क तक पहुंचने में अहम साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऑपरेशन नशा तस्करी की सूचना तुरंत साझा करें, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से बचाया जा सके।

