युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता – डॉ. शांडिलग्राम पंचायत मशीवर के कोटला में दो दिवसीय मेला गांधी जयंती तथा लाल बहादुर शास्त्री जयंती सम्पन्न
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि समाज को बेहतर बनाने के लिए महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाना आवश्यक है। डॉ. शांडिल आज यहां सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मशीवर के कोटला में दो दिवसीय मेला गांधी जयंती तथा लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों को मेले की बधाई देते हुए कहा कि मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि मेले जहां भाईचारे को बढ़ावा देते हैं वहीं आज के समय में लोगों के मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि मेले युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से रू-ब-रू भी करवाते और लोगों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
डॉ. शांडिल ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छ, स्वस्थ और नशा मुक्त समाज के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है और विशेषकर युवाओं को इससे दूर रखने के लिए प्रत्येक परिवार और समाज को मिलकर प्रयास करने चाहिए। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें खेल, शिक्षा, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी जी के नेतृत्व और अहिंसा के प्रति समर्पण ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। उन्होंने सभी लोगों से महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया हैं। उन्होंने देश को खाद्यान क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि युवाओं को लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में लगभग 200 करोड़ रुपए की लागत से सोलन के कथेड़ में बहुउद्देश्य अस्पताल का निर्माण करवाया जा रहा है। कण्डाघाट में लगभग 35 करोड़ रुपए की लागत से नागरिक अस्पताल का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से सोलन धर्ज़ा सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 09 नशा निवारण केंद्र बनाए जा रहे हैं ताकि युवाओं को नशे के चंगुल से बचाया जा सके।
डॉ. शांडिल ने कहा कि कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत क्वारग के टिकरी गांव में लगभग 168 करोड़ रुपए की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर दिव्यांगजन (दिव्यांगजन के लिए उत्कृष्टता केन्द्र) का निर्माण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला में शौचालय निर्माण के लिए 01 लाख रुपए, मुख्य मार्ग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला तक सड़क निर्माण के लिए 02 लाख रुपए, मेला मैदान कोटला के लिए 01 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि तथा जलकड़ा से कठारी तक रास्ता पक्का करने के लिए 01 लाख रुपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर अपनी ऐच्छिक निधि से मेला समिति कोटला को 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।
डॉ. शांडिल ने तदोपरांत लगभग 07 लाख रुपए की लागत से निर्मित कोटला मेला मैदान का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर विशाल दंगल व कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल ठाकुर, खण्ड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, ग्राम पंचायत मशीवर की प्रधान तोशल, ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा की प्रधान रमा कंवर, ग्राम पंचायत धार बखुना की प्रधान प्रतिमा ठाकुर, ग्राम पंचायत मशीवर के उप प्रधान संदीप ठाकुर, ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा के उप प्रधान पाला राम, बीडीसी सदस्य पूजा ठाकुर व सरीता, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम निदेशक बोर्ड के सदस्य अजय वर्मा, विश्वकर्मी समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, वरिष्ठ नेता मोहन मेहता, पलक राम, मेला समिति के प्रधान चतर सिंह रघुवंशी, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।

