नौणी विश्वविद्यालय में कर्मचारी खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ

नौणी, सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में आज विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में द्वितीय कर्मचारी खेलखेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ हुआ।  इस बहुप्रतीक्षित आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया, जो विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।

इस वर्ष विभिन्न अनुसंधान केंद्रों, कृषि विज्ञान केंद्रों एवं महाविद्यालयों के कर्मचारियों से मिलकर पाँच टीमें भाग ले रही हैं। इनमें मुख्य परिसर से औद्यानिकी महाविद्यालय, महाविद्यालय वानिकी, नेरी और थुनाग महाविद्यालयों की टीमें एवं प्रशासनिक ब्लॉक की टीम शामिल हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल द्वारा किया गया। अपने संबोधन में प्रो. चंदेल ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित प्रथम कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव की सफलता से प्रेरित होकर इस वर्ष भी इसे जारी रखा गया है। यह आयोजन विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और विद्यार्थियों के बीच स्वस्थ, खुशहाल और सहयोगात्मक वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक व्यस्तताओं के कारण कर्मचारी अक्सर खेलों और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों  से दूर हो जाते है, इसलिए इस प्रकार के आयोजन आवश्यक हैं।

प्रो. चंदेल ने कहा कि यह तीन दिवसीय कार्यक्रम कर्मचारियों के लिए एक ताज़गी भरा अवसर है, जो उन्हें अपने स्वास्थ्य और फिटनेस स्तर को परखने का मौका देता है।  उन्होंने छात्र कल्याण अधिष्ठाता के कार्यालय और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल भावना की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस कार्यक्रम को अपना पूरा सहयोग दिया है।

कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट से हुई, जिसके बाद पिछले वर्ष के विजेता औद्यानिकी महाविद्यालय की टीम ने खेल भावना की शपथ दिलाई। इस वर्ष कुल 257 प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

अगले तीन दिनों में प्रतिभागी 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, भाला फेंक और रस्साकशी सहित विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं को दो आयु वर्गों—21–40 वर्ष तथा 41–60 वर्ष—में बाँटा गया है। इसके अलावा बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट की प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जा रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकल, समूह एवं लोकगीत प्रस्तुतियाँ शामिल होंगी। सभी प्रतियोगिताओं के अंकों के आधार पर समग्र विजेता टीम का चयन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *