मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपए की योजनाओं का किया शिलान्यास

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है और आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, को समयबद्ध सीमा में पूरा किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री आज नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कशमीरपुर के मलपुर में 13.36 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली 11 नलकूप आधारित सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने इससे पूर्व में नालागढ़ में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बद्दी स्थित नालागढ़ के कार्यालय एवं अवासीय परिसर की आधारशिला रखी। इस परिसर के निर्माण पर 11.24 करोड़ रुपए व्यय होंगे।
उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छ जल सभी का अधिकार है और प्रदेश सरकार जन-जन को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पानी जीवन के लिए महत्वपूर्ण है और जल का संरक्षण कर ही हम सभी के लिए जल सुनिश्चित बना सकते हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल शक्ति मण्डल नालागढ़ के तहत 120 पेयजल योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इस मण्डल की सभी 758 बस्तियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा हैं। नालागढ़ जल शक्ति मण्डल के तहत 170 सिंचाई योजनाएं भी कार्यान्वित की जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व हैरिटेज पार्क नालागढ़ में जीर्णोद्धार उपरांत हैरिटेज कैफे का शुभारम्भ किया। इस कैफे का निर्माण नालागढ़ हैरिटेज सोसायटी द्वारा किया गया है।
आज शिलान्यास की गई नलकूप आधारित सिंचाई योजना से स्थानीय 09 ग्राम पंचायतों के 11 गांव को लाभ होगा। इस परियोजना के अंतर्गत गुरदासपुरा, मलपुर, दुगरी, सल्लेवाल, मस्तानपुरा, रत्योड़, सौड़ी गुज्जरां, नंगल ढक्का, नंगल कूहल-1, नंगल कूहल-2 तथा भटौली गांव लाभान्वित होंगे।

नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने क्षेत्र में हुए विकास की जानकारी दी और समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि वह निरंतर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के निदान के लिए प्रयासरत हैं।
दून के विधायक राम कुमार चौधरी, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हुसन चंद ठाकुर, यूथ कांग्रेस के नानी चौधरी, नालागढ़ ट्रक आपरेटर यूनियन के प्रधान विद्या रतन चौधरी, प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष रवि शर्मा, ग्राम पंचायत कश्मीरपुरा की पूर्व प्रधान गुरमीत कौर, ग्राम पंचायत बरुणा के पूर्व प्रधान गुरमीत कौर जग्गा, परिवहन विभाग के निदेशक डी.सी. नेगी, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम बद्दी की आयुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, शिमला जोन के मुख्य अभियंता मुकेश हीरा, जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, परिवहन विभाग के अतिरिक्त निदेशक एस.डी. नेगी, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेन्द्र आहलूवालिया, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बद्दी विपीन गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन सुरेन्द्र राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *