आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पर्यटन क्षेत्र को वृह्द स्तर पर बढ़ावा दे रही सरकार – आर.एस. बाली

पर्यटन क्षेत्र के लिए 2357 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत
ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह हर्षोंल्लास के साथ आयोजित

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तथा हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक, धार्मिक, साहसिक, आध्यात्मिक और स्वास्थ्य पर्यटन को वृह्द स्तर पर बढ़ावा दे रही है। आर.एस. बाली आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
आर.एस. बाली ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृह रक्षा, एन.सी.सी, स्काउटस एण्ड गाईडस एवं विद्यालयों द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक साहिल राणा ने परेड का नेतृत्व किया।
उन्होंने इससे पूर्व कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की।
उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा हिमाचल के विकास को आयाम प्रदान करने वाले नेतृत्व को स्मरण किया।
आर.एस. बाली ने 78वें हिमाचल दिवस के अवसर पर कहा कि प्रदेश में नई ईको टूरिज़म नीति के तहत 77 ईको टूरिज़म स्थल विकसित किए जा रहे हैं तथा अगले 05 वर्षों में इस माध्यम से 200 करोड़ रुपए का राजस्व एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन के माध्यम से हिमाचल में रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर सृजित कर आर्थिकी को सम्बल प्रदान किया जा सकता है। प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए एशियन विकास बैंक के सहयोग से लगभग 2357 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और नवीन पर्यटक स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच बनाने के लिए सभी ज़िलों में हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश के सुल्तानपुर, रक्कड़, पालमपुर और जसकोट में लगभग 53 करोड़ रुपए की लागत से हेलीपोर्ट निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला के बसाल सहित ऊना के रोरा, सिरमौर के धार कियारी, कुल्लू के मनाली, किन्नौर के शारबो और लाहौल-स्पीति के रंगरीक में हेलीपोर्ट निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि शिमला के संजौली में 15.86 करोड़ रुपए व्यय कर तैयार हेलीपोर्ट से कुल्लू, रिकांगपिओ तथा चण्डीगढ़ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं आरम्भ कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा ज़िला का गग्गल एयरपोर्ट प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार ने इस हवाई अड्डे के विस्तार के लिए पुनर्वास तथा पुनर्स्थापन योजना के अंतर्गत 3349 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।
आर.एस. बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार सतत् विकास के लिए प्रत्यनशील है। गत तीन वर्षों में प्रदेश के विकास को नई दिशा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि हिमाचल आत्मनिर्भर और देश का सबसे समृद्ध राज्य बने।
प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोज़गार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्ट अप योजना कार्यान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को ग्रीन एनर्जी युक्त राज्य बनाने के लिए कृत संकल्प है। इस दिशा में आगामी दो वर्षों में 500 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रीन पंचायत कार्यक्रम के तहत 500 किलोवाट की सौर परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं।
आर.एस. बाली ने कहा कि हिमाचल के गठन एवं नामकरण में सोलन का अहम योगदान है। 26 जनवरी, 1948 को सोलन में ही इस पहाड़ी प्रदेश को ‘हिमाचल प्रदेश’ नाम दिया गया। उन्होंने कहा कि सोलन आज प्रदेश में विकास का मॉडल बनकर उभरा है। सोलन के कथेड़ में पर्यटकों सहित साथ लगते ज़िलों के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दृष्टि से 200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित किए जा रहे विश्व स्तरीय बहुदेशीय अस्पताल का 70 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है।
उन्होंने कहा कि ज़िला में मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत 442 बेसहारा बच्चों को लगभग 1.87 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई है। ज़िला में गत तीन वर्षों में विभिन्न पेंशन तथा कल्याण योजनाओं पर 2 अरब 61 करोड़ रुपए व्यय हुए हैं।

आर.एस. बाली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में लगभग 18415 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है और यहां 87076 हिमाचली तथा 26514 गैर हिमाचली व्यक्तियों को रोज़गार उपलब्ध है।
उन्होंने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि प्रदेश में कार्यान्वित किए जा रहे नशा मुक्त अभियान को सफल बनाएं और युवाओं को इस ज़हर से दूर रखें।
आर.एस. बाली ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
दून के विधायक राम कुमार चौधरी, राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चंद बरमानी, नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, पार्षदगण, प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य सुरेन्द्र सेठी, खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के निदेशक बोर्ड से जतिन साहनी, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेश बोर्ड के सदस्य अजय वर्मा, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल ठाकुर, शिव कुमार, जगमोहन मल्होत्रा, कांग्रेस पार्टी एवं युवा कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, नगर परिषद सोलन के पूर्व अध्यक्ष कुल राकेश पंत, प्रदेश विश्वकर्मी बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे अभिषेक एस., अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय नागरिक इस अवसर पर उपस्थित थे।  

2 thoughts on “आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पर्यटन क्षेत्र को वृह्द स्तर पर बढ़ावा दे रही सरकार – आर.एस. बाली

  1. I’m not sure where you’re getting your info, but good topic. I needs to spend some time learning more or understanding more. Thanks for magnificent information I was looking for this info for my mission.

  2. I’d have to examine with you here. Which is not one thing I usually do! I take pleasure in reading a post that may make folks think. Additionally, thanks for permitting me to comment!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *