लम्बित विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान आरम्भ
ज़िला सोलन में लोगों के लम्बे समय से चल रहे विवादों से राहत दिलाने के लिए मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान आरम्भ किया गया है। यह जानकारी अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने दी।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति द्वारा यह अभियान ज़िला के तालुका न्यायालयों और ज़िला न्यायालयों में चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ऐसे मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है जिनमें पक्षकार आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में विवाह सम्बन्धी विवाद, पारिवारिक विवाद, मोटर वाहन वाहन चालान, घरेलू हिंसा, चेकबाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद और ऋण वसूली से जुड़े मामलों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त विभाजन और बेदखली के मुकदमें, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त नागरिक मामलों को भी मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशांति सिंह नेगी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता को विवादों के वैकल्पिक समाधान की ओर प्रेरित करना और लम्बे समय से लम्बित मामलों का शीघ्र निपटारा करना है।
उन्होंने कहा कि मध्यस्थता में दोनों पक्ष एक प्रशिक्षित मध्यस्थ की सहायता से आपसी सहमति से विवाद सुलझाते हैं। मध्यस्थता की प्रक्रिया गोपनीय, लचीली और कम खर्चीली होती है।
ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने लोगों से आग्रह किया कि लम्बित विवादों को शीघ्र सुलझाने के लिए मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-220713 या टोल फ्री नम्बर 15100 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

