शिक्षा खण्ड धर्मपुर में प्राथमिक शिक्षकों की तीन दिवसीय कार्यशाला के दो चरण सम्पन्न
शिक्षा खंड धर्मपुर के बीआरसी परिसर में निपुण आधारित आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) क्षमता निर्माण तथा शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) निर्माण विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला के दो चरण शनिवार को सफलता पूर्वक सम्पन्न हुए ।
कार्यशाला का समापन खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती सरला भाटिया एवम् श्री हेम चन्द ने 26 सितम्बर को किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के उद्देश्य से इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी एवं गतिविधियों को कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
इस दो चरणों में सम्पन्न कार्यशाला में खण्ड की प्रत्येक प्राथमिक पाठशाला से कक्षा 1 तथा 2 को पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों ने भाग लिया ।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM), निपुण लक्ष्यों तथा निपुण आधारित कक्षा संचालन के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करना तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं गतिविधि-आधारित बनाना है।
प्रशिक्षण में प्रथम संस्था की सरोज बाला आर. पी. के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण मॉड्यूल के माध्यम से निपुण लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की।

