राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में एनएसएस स्वयंसेवक नामांकन अभियान संपन्न,
70 से अधिक विद्यार्थियों ने माई भारत पोर्टल पर कराया पंजीकरण

22 जुलाई, 2026, धर्मपुर, राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्वयंसेवक नामांकन अभियान एवं माई भारत (MY Bharat) पोर्टल जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान चयन प्रक्रिया के उपरांत 150 विद्यार्थियों का एनएसएस स्वयंसेवक के रूप में नामांकन किया गया, जबकि 70 से अधिक विद्यार्थियों ने मौके पर ही माई भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ सुनीता गोयल द्वारा दीप प्रज्वलन व एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सतीश नेगी एवं डॉ. पी.डी. कौशल ने महाविद्यालय की प्राचार्या एवं एनएसएस संरक्षक डॉ. सुनीता गोयल का स्वागत स्वयंसेवकों द्वारा हस्तनिर्मित पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. पंकज चांडक एवं सुश्री हिमांशी गर्ग ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं संयोजन डॉ. पंकज चांडक ने किया, जबकि स्वागत भाषण सुश्री हिमांशी गर्ग ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के पूर्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. जगदेव चंद शर्मा एवं प्रो. पल्लवी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। डॉ. मालविका एवं डॉ. पी.डी. कौशल ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। दोनों पूर्व कार्यक्रम अधिकारियों ने स्वयंसेवकों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए समाज सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
माई भारत मेगा ट्रेनर के रूप में डॉ. पंकज चांडक ने विद्यार्थियों को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की प्रमुख पहल माई भारत पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन, इंटर्नशिप, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता तथा राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को पोर्टल पर नियमित रूप से सक्रिय रहकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में डॉ. चांडक ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल सामाजिक सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को विकसित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने एनएसएस की नियमित गतिविधियों, सात दिवसीय विशेष शिविर, प्री-आरडी, राष्ट्रीय एकीकरण शिविर, एडवेंचर कैंप तथा अन्य राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के अवसरों की भी जानकारी दी।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्या एवं एनएसएस संरक्षक डॉ. सुनीता गोयल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्येय वाक्य “Not Me But You” निःस्वार्थ सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना के साथ आगे बढ़े तो वह समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से माई भारत पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा प्रत्येक सामाजिक गतिविधि में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. आर.एल. भारद्वाज, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. मालविका, डॉ. सतीश नेगी, डॉ. पी.डी. कौशल, प्रो. सुदेश, पुस्तकालयाध्यक्ष सुश्री पूनम, श्री विक्रांत, श्री कृष्ण, महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नव-नामांकित स्वयंसेवकों ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, रक्तदान तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

